गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के कारीचक छपकी वार्ड संख्या 10 निवासी मोहम्मद अरमान ने अपने ही गांव के मोहम्मद आलेनवी और मोहम्मद सुफियान के खिलाफ थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है।
दिए गए आवेदन में अरमान ने बताया कि उन्होंने बभनगामा निवासी प्रमोद सिंह के पुत्र को अपनी तीन कट्ठा चार धूर जमीन 20 लाख रुपये में बेची थी। इस सौदे में मध्यस्थता मोहम्मद आलेनवी ने की थी। जमीन की रकम में से कुछ पैसा सीधे उनके खाते में आया, जबकि 10 लाख रुपये आलेनवी के खाते में जमा कराए गए, जो रिश्ते में उनके मामू भी हैं।
अरमान के अनुसार, जब उन्होंने अपने बकाया रुपये की मांग शुरू की तो अलग-अलग तारीखों में उन्हें केवल 2 लाख 85 हजार रुपये ही लौटाए गए। बाकी पैसे की मांग करने पर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि आलेनवी और सुफियान ने हाथों में पहने फाइटर्स से जान से मारने की नीयत से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। साथ ही धमकी दी कि आगे यदि पैसे की मांग की या किसी को बताया, तो जान से मारकर फेंक देंगे।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
