गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के भवानंदपुर पंचायत अंतर्गत पानापुर वार्ड संख्या-1 में मंगलवार की देर शाम एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय हुई जब महिला घर में अकेली थी। बताया जा रहा है कि वह ऐलवेस्टर (एस्बेस्टस) से बने घर में रह रही थी।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष रवींद्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया।
मृतका की पहचान भवानंदपुर पंचायत निवासी अंकेश शर्मा की 22 वर्षीय पत्नी रूपम कुमारी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि अंकेश शर्मा बेंगलुरु में रहकर मजदूरी करता है, जबकि रूपम गांव में अकेली रहती थी।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना से पहले मंगलवार को पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव में आकर रूपम ने यह कदम उठा लिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
