गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड क्षेत्र की गेन्हरपुर पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-52 की सेविका रेखा भारती शनिवार को केंद्र संचालन के बाद पीएमबीवीवाई (प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना) से संबंधित प्रपत्र जमा करने अपने पति वृष्टि नारायण सिंह के साथ बाइक से सीडीपीओ कार्यालय, वीरपुर जा रही थीं। इसी दौरान बरहारा स्थित रेलवे ढाला के समीप विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही एक अनियंत्रित बाइक (बीआर-33ए-6774) ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में रेखा भारती एवं उनके पति दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए बरहारा के एक ग्रामीण चिकित्सक के यहां ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सेविका की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि उनके पति का भी उपचार कराया गया।
घटना के बाद सेविका के पति वृष्टि नारायण सिंह ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन समाप्त होने के बाद मोबाइल के माध्यम से सेविकाओं को विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रपत्र कार्यालय में जमा करने और बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए जाते हैं। उनका कहना था कि कई बार ये निर्देश बिना किसी पत्रांक या दिनांक वाले आधिकारिक आदेश के दिए जाते हैं, जिससे सेविकाओं को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग भी की।


