नन्दकिशोर दास AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
डीएम ने बीडीओ, कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड, पंचायत पदाधिकारी एवं नगर आयुक्त को वर्षों से पड़े कचड़े को चिन्हित कर सफाई कराने का दिया निर्देश
17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छता ही सेवा 2025 को लेकर जिला प्रशासन बेगूसराय द्वारा लगातार सफाई अभियान के साथ-साथ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिला मुख्यालय, प्रखंड मुख्यालयों, पंचायत मुख्यालयों से लेकर हर गांव-गांव गली-गली में लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। पूरे जिले के सभी दुर्गापूजा समितियों से भी पर्व के मौके पर सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई है। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारीयों को निर्देश दिया गया है कि पूजा पंडाल समिति जगह-जगह पर नीले एवं हरे रंग के डस्टबीन का प्रयोग करें, ताकि कहीं भी यत्र-तत्र कचरा नहीं जमा हो सके। पंचायत में कार्यरत सभी स्वच्छता कर्मियों के लिए 24 सितंबर को पंचायत स्तर पर सुरक्षा शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जहां सभी स्वच्छता कर्मियों का हेल्थ चेकअप के साथ-साथ सरकार द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित स्वच्छता कर्मियों को लाभ दिलाया जायेगा। इसके साथ ही सभी सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, जगह-जगह पर लगे कचरे के ढे़ेर को चिन्हित कर उसे साफ-सफाई सहित विभिन्न गतिविधि की जा रही है।विद्यालयों में बच्चों द्वारा साफ-सफाई के साथ स्वच्छ भारत का संकल्प लिया जा रहा है। आंगनबाड़ी केन्द्रों में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश को स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 23 सितंबर को दिनकर ग्राम सिमरिया में दिनकर जयंती के अवसर पर उनके पैतृक ग्राम सिमरिया में श्रमदान, विशेष सफाई अभियान, स्वास्थ्य कैंप, रक्तदान शिविर एवं स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, सभी प्रखंड पंचायत पदाधिकारी एवं नगर आयुक्त को चौक-चौराहों पर वर्षों से पड़े कचड़े को चिन्हित कर विशेष रूप से सफाई करने का निर्देश दिया है। दूसरी ओर सरकार द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मनाये जाने वाले सेवा पर्व के दौरान स्वदेशी अपनाओ अभियान चलाने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत 21 सितंबर से 30 अक्टूबर तक जिला उद्योग केन्द्र, बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड एवं केवीआईसी द्वारा खादी वस्त्रों में पचास प्रतिशत की छूट दी जायेगी। साथ ही इसकी प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। दुर्गापूजा के अवसर पर पूजा समितियों के पंडालों में स्वदेशी अपनाओ अभियान के तहत प्रचार-प्रसार किया जायेगा। जिला पदाधिकारी ने इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया है।
