गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
वीरपुर प्रखंड के भवानंदपुर निवासी प्रख्यात साहित्यकार फज़लुर रहमान हाशमी के जीवन एवं साहित्य पर अब केंद्रीय साहित्य अकादमी पुस्तक प्रकाशित करेगी। भारत सरकार की संस्था केंद्रीय साहित्य अकादमी अपनी प्रतिष्ठित श्रृंखला ‘भारतीय साहित्य के निर्माता’ के अंतर्गत देश के प्रमुख साहित्यकारों पर पुस्तकें प्रकाशित करती है। इसी श्रृंखला में अब फज़लुर रहमान हाशमी पर भी एक पुस्तक प्रकाशित की जाएगी।
इस संबंध में साहित्य अकादमी के उपसचिव डॉ. एन. सुदेश बाबु ने स्पीड पोस्ट के माध्यम से इसकी आधिकारिक जानकारी दी है। प्रकाशित होने वाली पुस्तक में हाशमी साहब के जीवन, साहित्यिक योगदान और उनकी रचनात्मक यात्रा का विस्तार से उल्लेख किया जाएगा।
गौरतलब है कि फज़लुर रहमान हाशमी हिंदी, उर्दू और मैथिली के प्रतिष्ठित साहित्यकार रहे हैं। उन्होंने तीनों भाषाओं में एक दर्जन से अधिक पुस्तकों की रचना की है। उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनकी मैथिली कविताएं शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल हैं और उनके साहित्य पर कई शोध कार्य भी किए जा चुके हैं। बिहार के प्रमुख साहित्यकारों में उनकी विशेष पहचान रही है।
मैथिली भाषा में इस पुस्तक के लेखन की जिम्मेदारी भवानंदपुर निवासी, चर्चित लेखक, प्राध्यापक तथा हाशमी साहब के पुत्र डॉ. ज़ियाउर रहमान जाफरी को सौंपी गई है। डॉ. जाफरी लगभग 20 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं और साहित्य जगत में उनकी अलग पहचान है।
साहित्य अकादमी के इस निर्णय पर बेगूसराय के साहित्यकारों ने खुशी जताई है। प्रदीप बिहारी, अनिल पतंग, अशांत भोला सिंह, डॉ. राजेंद्र साह, प्रफुल्ल कुमार मिश्र सहित कई साहित्यकारों ने इसे जिले और मैथिली साहित्य जगत के लिए गौरव का विषय बताया।

