गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड के खरमौली स्थित राम-जानकी ठाकुरबाड़ी परिसर में आयोजित श्रीरामचरितमानस प्रचार संघ का दो दिवसीय जिला सम्मेलन रविवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हो गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर रामचरितमानस के संदेशों को आत्मसात किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अयोध्याधाम से पधारे संत सुभाष दास महाराज ने कहा कि रामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति इसके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाए तो समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों की स्थापना संभव है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से नियमित रूप से रामचरितमानस का अध्ययन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुंगेर से आईं रामायण कुमारी ने रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उनके प्रवचन को उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ सुना।
सम्मेलन में श्रीरामचरितमानस प्रचार संघ के जिला मंत्री अशोक राय, प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, सुरेश प्रसाद सिंह, शत्रुध्न सिंह, मुकुंद कुमार, रविन्द्र प्रसाद सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर रविन्द्र कुमार के सौजन्य से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।


