नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसके चलते नदी के तटबंध की सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और दरारों से लोगों में हादसे की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय ग्रामीण वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि हसनपुर बागर के पंडित जी ढाला से सीबो पासी ढाला तक तटबंध की सड़क की स्थिति काफी खराब हो चुकी है। कई जगहों पर बड़े गड्ढे और सुराख बन गए हैं, जिससे आवागमन करना जोखिम भरा हो गया है।
उन्होंने बताया कि इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहन, पीडीएस डीलरों के राशन से लदे वाहन तथा अन्य छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण कई वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं। बारिश के बीच लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने बाढ़ नियंत्रण विभाग के अभियंता एवं संबंधित वरीय अधिकारियों से तटबंध का शीघ्र निरीक्षण कराने, क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कराने तथा तटबंध को सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


