गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/ बेगुसराय
बखरी अनुमंडल मुख्यालय के तीन प्रमुख दुर्गा मंदिरों में इस बार भव्य पूजा पंडालों का निर्माण किया जा रहा है। पूजा समितियों के बीच कुछ अलग और आकर्षक करने की होड़ ने इस बार के नवरात्रि पर्व को और भी खास बना दिया है। बड़े-बड़े मंदिरों की झलक इन पंडालों में देखने को मिलेगी। इसी कड़ी में सार्वजनिक नवदुर्गा स्थान मंदिर का पूजा पंडाल इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना है। लगभग 75 फीट ऊंचा और 45 फीट चौड़ा यह पंडाल तमिलनाडु के प्रसिद्ध मदुरई स्थित मीनाक्षी मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। पंडाल निर्माण का कार्य सानू टेंट हाउस, बड़ी दुर्गा स्थान खगड़िया द्वारा कराया जा रहा है।
इस पंडाल को भव्य स्वरूप देने के लिए पश्चिम बंगाल के मालदह जिले से आए 20 कारीगरों की टीम दिन-रात मेहनत कर रही है। वही पुरानी थाना चौक के समीप एक 55 फीट ऊंचा और 30 फीट चौड़ा तोरण द्वार बनाया जा रहा है, जो दिल्ली के अक्षयधाम मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त कुल पांच छोटे-बड़े तोरण द्वार स्थापित किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि इस मंदिर की स्थापना वर्ष 1978 में की गई थी, और तभी से यहां नवरात्रि के अवसर पर भव्य आयोजन होते आ रहे हैं। यह इलाका का ऐसा एकमात्र मंदिर है जहां देवी दुर्गा के साथ-साथ “बहुरा मामा” की पूजा भी शक्ति के रूप में की जाती है।
