बुधवार को दी जाएगी बलि
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/ बेगूसराय
बखरी नगर परिषद स्थित तीनों दुर्गा मंदिरों में महाअष्टमी की रात मैया का पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।बड़ी संख्या में महिलाओं ने जुटकर मां दुर्गा के आंचल में खोइछा भराई का अनुष्ठान पूरा किया।विधि विधान के साथ मैया का स्तुति और आरती कर खोइछा भर माता दुर्गा की पूजा अर्चना की। जिसके बाद मंगलवार की सुबह से ही मेला लगना शुरू हो गया। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ बच्चों को संग लेकर मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन करने में जुटे हुए हैं।इस अवसर पर लोग मां दुर्गा की आरती तथा प्रसाद भी ग्रहण करते देखे गए। नगर क्षेत्र के बेगूसराय बस स्टैंड से लेकर आशा पोखर तक तथा बाजार क्षेत्र में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। इसके अलावे ग्रामीण क्षेत्र परिहारा और घाघरा आदि जगहों पर स्थित मंदिर में भी लोग उत्साह के साथ मां की प्रतिमा का दर्शन कर रहे हैं।
वही दुर्गापूजा के अवसर पर बनाए गए विशाल व भव्य पंडाल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। तीनों मंदिर समिति ने मिलकर समूचे बाजार को आकर्षक ढंग से सजाया है। यहां मंदिर परिसर में बना पूजा पंडाल और तोरण द्वार की सुंदरता देखते ही बनती है। यहां पुरानी दुर्गा स्थान व नव दुर्गा स्थान मंदिर परिसर में पड़ने वाली छागड़ों की बलि को लेकर मंदिर कमिटि तैयारी में जुटी हुई है। बुधवार की सुबह से ही खस्सी की बलि दी जाएगी। जिसको लेकर दूर दराज के श्रद्धालु मंगलवार की देर शाम से ही यहां मैया को कबूले गए छागड़ों के साथ जुटना प्रारंभ कर देते हैं। मंदिर कमिटि के द्वारा बकायदा बलि प्रदान को लेकर बैरिकेटिंग किया जाता है।वैष्णवी दुर्गा मंदिर के प्रांगण में बुधवार को चार बजे रावण वध किया जाएगा।जबकि गुरुवार की दोपहर दुर्गा मंदिर कमिटि के लोग नीलकंठ उड़ाकर बाजार में भव्य शोभा यात्रा निकालेंगे।शाम में विधि विधान के साथ मैया को नम आंखों से विदाई की रस्म अदा की जाएगी। फिर अपनी-अपनी जगह पर मैया की प्रतिमा विसर्जन कर दुर्गा महापर्व का समापन होगा।
