नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में टीबी मुक्त भारत अभियान की सफलता को लेकर एएनएम के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी ने की।
बैठक में डॉ. चौधरी ने बताया कि उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों एवं गांवों में एआई-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से व्यापक स्तर पर टीबी की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को मिलने वाली सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। साथ ही जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से निक्षय मित्र पहल को भी प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने एएनएम को निक्षय पोर्टल की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा विकसित एक वेब आधारित रोगी प्रबंधन प्रणाली है, जिसका उपयोग राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मरीजों के पंजीकरण, उपचार की निगरानी, वित्तीय सहायता तथा डेटा प्रबंधन के लिए किया जाता है।
बैठक के दौरान रोगी प्रबंधन, निक्षय पोषण योजना, निक्षय मित्र पहल और डिजिटल एकीकरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही टीबी मरीजों की समय पर पहचान, ऑनलाइन पंजीकरण, उपचार की नियमित निगरानी और पोर्टल पर समय-समय पर डेटा अपडेट करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर बीसीएम ऊषा कुमारी, जीएनएम रविशंकर कुमार, एएनएम राजनंदनी, मोनी कुमारी, शालिनी कुमारी, रीना कुमारी, बेबी कुमारी, दीपा कुमारी, सोनी कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।


