गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर सोमवार को गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को फल, अनाज, श्रृंगार सामग्री सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, संतुलित आहार, नियमित जांच एवं स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई। सेविकाओं ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर सुंदर रंगोली सजाई गई, जिससे उत्सव का माहौल बना रहा। गर्भवती महिलाओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मौके पर संबंधित केंद्रों की सेविका, सहायिका, वार्ड सदस्य सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सम्मानित करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
