गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड अंतर्गत राटन पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित ब्रह्मदेव नगर बजरंगबली स्थान में धार्मिक आस्था और भक्तिभाव के साथ अष्टयाम महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर रविवार की सुबह भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें 101 कुमारी कन्याओं ने सिर पर कलश लेकर भाग लिया।
कलश शोभायात्रा ब्रह्मदेव नगर से प्रारंभ होकर बभाईन होते हुए उदनचक काली मंदिर तक गई तथा वहां से पुनः अष्टयाम महायज्ञ स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
कलश यात्रा के समापन के पश्चात अष्टयाम महायज्ञ का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य अमित कुमार देव ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम का मंच संचालन लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पूर्व मुखिया आदित्य कुमार मुन्ना, मनोज शर्मा,बौएलाल साव, लोजपा (रामविलास) के प्रखंड प्रधान महासचिव संजीत यादव, अमरजीत कुमार कुशवाहा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने महायज्ञ के आयोजन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में आपसी भाईचारे, शांति और धार्मिक एकता को मजबूत करने वाला बताया।आयोजकों ने बताया कि अष्टयाम महायज्ञ का आयोजन युवा संगठन समूह एवं ब्रह्मदेव नगर के ग्रामीणों के सहयोग से किया गया है। महायज्ञ के दौरान प्रवचन, कीर्तन और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
पूरे कार्यक्रम में सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों की भूमिका सराहनीय रही।
