गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगुसराय
राटन पंचायत स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 91 पर गर्भवती महिला लाभार्थी अंशु कुमारी की गोद भराई की रस्म पारंपरिक तरीके से हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर महिला पर्यवेक्षिका चेतना कुमारी ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल और नियमित जांच से मां और शिशु दोनों का स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है।
कार्यक्रम में राटन पंचायत के उपमुखिया सह राष्ट्रीय लोक मोर्चा बखरी प्रखंड अध्यक्ष भी मौजूद रहे। उन्होंने लाभार्थी अंशु कुमारी को शुभकामनाएं देते हुए मातृ एवं शिशु कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
आंगनवाड़ी सेविका रूबी देवी एवं सहायिका अनारकली देवी ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार गोद भराई की रस्म अदा की और लाभार्थी को उपहार भेंट कर स्वस्थ एवं सुरक्षित मातृत्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं एवं आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़े अन्य लाभार्थियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने गर्भवती महिला के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुरक्षित प्रसव की कामना की।
