गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर स्थित महिनाथ स्थान ठाकुरबाड़ी में मंगलवार से आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत कथा एवं विष्णु महायज्ञ के पूर्व सोमवार को 101 कुंवारी कन्याओं द्वारा भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कलश यात्रा का शुभारंभ बरैपुरा स्थित काली मंदिर से हुआ। यहां अयोध्याधाम से पधारे कथावाचक श्री गुरुणेश जी महाराज तथा काशी से आए आचार्य श्री अमरेश जी महाराज के नेतृत्व में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद गाजे-बाजे और दो सुसज्जित रथों के साथ कलश यात्रा बरैपुरा और हरिहरपुर गांव का भ्रमण करते हुए यज्ञ स्थल पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह कम नहीं हुआ। भक्ति गीतों और भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूमते और भगवान के जयकारे लगाते नजर आए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
आयोजन समिति के सदस्य एवं सरपंच दयानंद झा, पूर्व मुखिया पंकज कुमार सिंह, पंडित राजगुरु, सुशील कुमार, रितेश कुमार और श्याम नंदन झा ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से 9 जून से 15 जून तक महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन सुबह साढ़े सात बजे से साढ़े दस बजे तक यज्ञ पूजन होगा, जबकि शाम सात बजे से हरि इच्छा तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।

धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति द्वारा यज्ञ स्थल पर भव्य पूजा पंडाल, आकर्षक लाइटिंग और विभिन्न स्थानों पर तोरणद्वार की व्यवस्था की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार का धार्मिक आयोजन यहां पहली बार हो रहा है। लोगों ने बताया कि ऐसे अनुष्ठानों से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जाती है।
मौके पर विनोद कुमार राय, कुलजीत कुमार, विमल राय सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित थे।
