नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नावकोठी में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 34 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान सभी महिलाओं का रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, मूत्र, वजन, ऊंचाई, डायबिटीज सहित अन्य आवश्यक जांच की गई। जांच के क्रम में आठ महिलाएं एनीमिया से पीड़ित पाई गईं।
जांच के बाद सभी गर्भवती महिलाओं को कैल्शियम, फोलिक एसिड समेत अन्य आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, पर्याप्त आराम करने तथा फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक आहार का सेवन करने की सलाह दी गई। इस अवसर पर माला-एन, छाया, निरोध एवं इजीपील का भी वितरण किया गया।
मौके पर डॉ. नितिन कुमार, बीसीएम उषा कुमारी, बीएमईए संदीप चंद्र, एलटी पंकज जोशी, जीएनएम रवि कुमार, सूर्य भूषण, राजा कुमार, जूली कुमारी, प्रियदर्शनी कुमारी, सुमानी कुमारी, भारती कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी मौजूद थे।


