नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
प्रखंड क्षेत्र की समसा पंचायत अंतर्गत करैईटांर गांव में असामाजिक तत्वों द्वारा खेत में लगी मक्के की फसल को नुकसान पहुंचाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद किसानों में आक्रोश व्याप्त है और ग्रामीणों ने दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित किसान नीलकमल कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह जब वह अपने खेत पर पहुंचे तो देखा कि करीब तीन से चार कट्ठा में लगी मक्के की फसल को अज्ञात लोगों ने पैरों से कुचलकर और पौधों को तोड़कर तहस-नहस कर दिया है। इससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।
उन्होंने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी उनके खेत से बैंगन की फसल को नुकसान पहुंचाया गया था। करीब दो बोरा बैंगन चोरी कर मक्के के ठठेर में छिपाकर रख दिया गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से किसान परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान आवश्यक है। लोगों ने आशंका जताई कि घटना के पीछे नशेड़ी अथवा चोरी की प्रवृत्ति वाले लोग शामिल हो सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित किसान ने बताया कि अभी तक इस संबंध में थाना में आवेदन नहीं दिया गया है। मौके पर पैक्स अध्यक्ष अशोक कुमार, विनोद महतो, राजेश कुमार, दिलशेर चौधरी, विमलेश महतो सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।


