अशोक पासवान AV भारत न्युज संवाददाता बीहट/बेगुसराय
नेशनल स्कूल गेम्स 2025-26 की जिला स्तरीय स्पर्धाओं के लिए मध्य विद्यालय बीहट ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 6 अक्टूबर को गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में समारोहपूर्वक उद्घाटन होने जा रहा है, और इस महासमर में, मध्य विद्यालय, बीहट पूरे जिले में सर्वाधिक रिकॉर्ड भागीदारी देते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा।
“खेलेंगे जीतेंगे” के बुलंद उद्घोष से विद्यालय प्रांगण रविवार को ओज और ऊर्जा से सराबोर रहा। विद्यालय से कुल 289 विद्यार्थी इस बार जिला स्तरीय स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं।
गौरवशाली मार्च पास्ट और 19 प्रशिक्षकों तथा 289 विद्यार्थियों का प्रतिनिधित्व करने वाले क्रीड़ा जत्थे ने आज विद्यालय के ध्यानचंद क्रीड़ा मंच से भव्य मार्च पास्ट किया। जत्थे ने प्रधान रंजन कुमार और नोडल शिक्षक अनुपमा सिंह के समक्ष सलामी देते हुए, सभी 35 विधाओं में अपना सर्वश्रेष्ठ कौशल प्रदर्शन करने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर वह विशेष प्रशिक्षक दल भी मौजूद था, जिसने विगत तीन माह से बच्चों को सघन प्रशिक्षण दिया है। इस दल में 19 अनुभवी प्रशिक्षक शामिल हैं: बाबुल कुमार, कुंदन कुमार, विकास कुमार, श्याम कुमार, साजन कुमार, वैभव कुमार, जूही कुमारी, हीरा कुमार शोएब, रियाजुल, लालबाबू कुमार, सरोवर कुमार, मिराज, गोविंद कुमार, शिवांशु सुमन, शुभम कुमार, एवं शिवम कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।
मुखर छात्र नेता रहे सामाजिक कार्यकर्ता रामकृष्ण ने कहा जिला ही नहीं, वरन राज्य स्तर पर नेशनल स्कूल गेम्स के लिए एथलेटिक्स एवं टीम गेम की 35 विधाओं में 289 बच्चों की रिकॉर्ड भागीदारी तथा सभी विधाओं में प्रशिक्षण हेतु 19 प्रशिक्षकों के विशेष दल के लिए व्यवस्था देनेवाला मध्य विद्यालय बीहट, पूरे राज्य के कुछ एक शीर्षस्थ विद्यालयों में शुमार होगा। यह उपलब्धि मध्य विद्यालय बीहट के खेल के प्रति समर्पण और बच्चों के समग्र विकास को लक्षित उत्कृष्ट व्यवस्था देने का प्रमाण है।

विद्यालय के विद्यार्थी 35 विधाओं में जौहर दिखाएंगे, जिनमें मुख्य रूप से: एथलेटिक्स (तेरह विधाएँ), ताइक्वांडो, कराटे, वूशु, हैंडबॉल, सेपकटकरा, भारोत्तोलन, शतरंज, कबड्डी, रग्बी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, योग, हॉकी व कुश्ती।
ओपन ट्रायल (राज्य स्तर): बॉक्सिंग, जूडो, टेबलटेनिस, कुश्ती (बालिका), गटका, थांगटा एवं सॉफ्ट टेनिस।
नोडल शिक्षक अनुपमा सिंह ने बच्चों के अथक प्रयास और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा, “यह रिकॉर्ड भागीदारी हमारी मेहनत और लगन का परिणाम है। 19 प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में, हमारे बच्चों ने न केवल कौशल सीखा है, बल्कि हार को स्वीकारने और जीतने के लिए जुझारूपन का पाठ भी पढ़ा है। आप सभी ‘बीहट’ का नाम राष्ट्रीय पटल तक ले जाने का माद्दा रखते हैं!”
विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार ने अत्यंत गर्व के साथ क्रीड़ा जत्थे को संबोधित किया, “मध्य विद्यालय बीहट आज बिहार के चुनिंदा खेल-समर्पित विद्यालयों की श्रेणी में खड़ा हो गया है। 289 बच्चों का यह ऐतिहासिक प्रतिनिधित्व, हमारे स्टाफ और प्रशिक्षकों के जुनून को दर्शाता है। खेलो इंडिया के लक्ष्य को आत्मसात करते हुए, मैं आप सभी से सर्वोच्च अनुशासन और अटूट खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान करता हूँ। आप केवल बेगूसराय का नहीं, बल्कि राज्य के अग्रणी विद्यालयों में से एक का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं!”
इस उत्साह और संकल्प से भरे माहौल ने स्पष्ट कर दिया है कि मध्य विद्यालय बीहट नेशनल स्कूल गेम्स में एक मजबूत पहचान बनाने को तैयार है।
