गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के पर्रा पंचायत अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव में बुधवार को विद्युत स्पर्शाघात से एक अधेड़ व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया तथा पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या-4 निवासी टुना सहनी के 52 वर्षीय पुत्र केशो सहनी बुधवार की सुबह शौच के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान रास्ते में एक विद्युत पोल से जुड़े तार के संपर्क में आने से उन्हें जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही वे मौके पर ही गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना तत्काल वीरपुर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष रविन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया।
घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से विद्युत विभाग की लापरवाही की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
