विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र के चंदौर पंचायत अंतर्गत शिवगंज गांव स्थित प्रसिद्ध बाबा वनखंडी स्थान में रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह से ही श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर में जुटने लगे।
सूर्योदय होते-होते पूरा परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजायमान हो उठा।भीड़ का आलम यह था कि श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई श्रद्धालु दूर से ही जल, पुष्प, अक्षत और चंदन अर्पित करते नजर आए। जल, दूध और अन्य पूजन सामग्री भीड़ के कारण इधर-उधर गिरती रही, लेकिन श्रद्धा में कोई कमी नहीं दिखी। बाबा भोलेनाथ का शिवलिंग बेलपत्र, पुष्प और धतूरा से पूरी तरह आच्छादित हो गया था।

मंदिर परिसर में स्थापित दर्जनभर देवी-देवताओं के स्थानों पर भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। तेघड़ा व मझौल अनुमंडल के अलावा समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र सहित दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा एवं अन्य जलाशयों में स्नान कर माथे पर तिलक लगाते हुए बेलपत्र, भांग, धतूरा, अक्षत और चंदन मिश्रित जल के साथ बाबा का जलाभिषेक किया।
हालांकि परिसर में जगह-जगह सजी अस्थायी दुकानों के कारण आवागमन में कुछ असुविधा भी हुई। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा।
इधर प्रखंड क्षेत्र के अतरुआ ब्रह्म स्थान, चौक, देवघाट, चकसदाद, लखनपुर, खंझापुर, पाली, मेंहदौली, तेयाय, बसही और दहिया स्थित शिव मंदिरों में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ती रही। सभी मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई थीमहाशिवरात्रि पर उमड़ी इस आस्था ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
