गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी नगर परिषद के वार्ड 19 में कराए गए नाला निर्माण में भारी अनियमितता एवं घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए युवा जद यू के प्रखंड अध्यक्ष नीरज राय ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बखरी को लिखित आवेदन सौंपकर अविलंब जांच की मांग की है।आवेदन में कहा गया है कि वार्ड नंबर 19 में बनाए गए नाला निर्माण में उपयोग किया गया मशाला सीमेंट-बालू मिश्रण स्वीकृत स्टीमेट के अनुरूप नहीं है। सरकारी निर्देशानुसार जहाँ 6:1 के अनुपात में मशाला का प्रयोग होना चाहिए था, वहीं 12:1, 10:1 एवं 9:1 के अनुपात में मशाला दिया गया है। इसका परिणाम यह हुआ कि नाला निर्माण के साथ ही टूटने लगा है और ढक्कन भी टुकड़े-टुकड़े होकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
आरोप लगाया गया है कि नाला निर्माण में पहले से टूटे हुए, घटिया किस्म के ईंटों का बड़े पैमाने पर उपयोग किया गया है। वहीं छड़ (सरिया) के उपयोग में भी भारी अनियमितता बरती गई है। जहाँ 10 एमएम और 12 एमएम छड़ का प्रयोग होना चाहिए था, वहाँ 8 एमएम और 10 एमएम की घटिया कंपनी की छड़ का उपयोग किया गया है।

नीरज राय ने आरोप लगाया कि संवेदक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कनीय अभियंता की मिलीभगत से इस घटिया निर्माण कार्य के जरिए सरकारी राशि की खुली लूट की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।उन्होंने मांग की है कि नगर परिषद बखरी सहित वार्ड नंबर 19 में कराए गए नाला निर्माण में उपयोग की गई मशाला, ईंट एवं छड़ की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी संवेदक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कनीय अभियंता के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में आवेदन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी बेगूसराय, कार्यपालक अभियंता बेगूसराय एवं अनुमंडलाधिकारी बखरी को भी भेजी गई है। साथ ही जांच के लिए नाला निर्माण में उपयोग हो रही सामग्री से संबंधित वीडियो क्लिप भी संलग्न की गई है।
