गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
चैती दुर्गा पूजा एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर वीरपुर थाना पुलिस द्वारा गुरुवार को क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च थाना अध्यक्ष रवींद्र कुमार के नेतृत्व में निकाला गया, जिसमें पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल के जवानों के साथ-साथ महिला एवं पुरुष लाठी बल भी शामिल थे।
फ्लैग मार्च थाना क्षेत्र के सहुरी पंचायत, पर्रा पंचायत, भवानंदपुर एवं डीह पंचायत सहित अन्य क्षेत्रों में किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न जगहों पर रुककर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उन्हें पर्व के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की।

थाना अध्यक्ष रवींद्र कुमार ने लोगों से कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने असामाजिक तत्वों, मनचले युवकों एवं अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले लोगों का किसी भी प्रकार से समर्थन न करें और ऐसे मामलों में पुलिस का सहयोग करें। मेला परिसर में पहुंचे श्रद्धालुओं से भी उन्होंने अपील की कि किसी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत मेला आयोजन समिति को अवगत कराएं, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
फ्लैग मार्च के दौरान ऋषिकेश भारद्वाज, परमा पासवान, गोरी शंकर, ग्राम रक्षा दल के प्रांतीय अध्यक्ष धीरज वॉस, जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी सहित अन्य चौकीदार एवं वफादार भी मौजूद रहे।
