गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
चैत्र नवरात्र के अवसर पर बखरी क्षेत्र के प्रसिद्ध चैती दुर्गा मंदिर सलौना और डरहा में चार दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।सप्तमी–अष्टमी की रात माता के मंदिर के पट खुलते ही माता दुर्गा के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।
सलौना और डरहा स्थित दोनों मंदिरों में बखरी, बागवन, लौछे, बहोरचक, विजयलख, नदैल, चकहमीद, विक्रम नदैल, शकरपुरा, महादेवचक, राटन, परिहारा और समसा समेत आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।मेला परिसर में लोगों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले जैसे टावर झूला, ड्रैगन झूला, मौत का कुआं और ब्रेक डांस झूला लगाए गए हैं, जिनका लोगों ने जमकर आनंद लिया। इसके अलावा खाने-पीने के कई स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
डरहा मंदिर परिसर में भक्ति भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसके बाद देर रात वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच माता के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इससे पहले बनारस से आए ब्राह्मणों द्वारा आयोजित भव्य दुर्गा महाआरती ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मेले में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अमित कुमार देव, व्यापार संघ अध्यक्ष मनोज चौधरी, डाकपाल चंद्रशेखर कुशवाहा, पूर्व जिला परिषद सदस्य नरेश पासवान, अधिवक्ता गौरव कुमार, लोजपा आर प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार, अमित परमार, जीवन ज्योति, विकास मिश्रा,तथा भोला कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
