गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के पानापुर निवासी अर्जुन प्रसाद सिंह ने अपने ही पड़ोसियों के खिलाफ थाना में मारपीट एवं जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने दिए गए आवेदन में बताया कि 23 मार्च को वे अपने दरवाजे पर बैठे हुए थे। उसी दौरान रामनाथ सिंह और रघुवीर सिंह उर्फ मंटुन सिंह अपने चाचा गणेश सिंह के साथ किसी बात को लेकर गाली-गलौज और मारपीट कर रहे थे।
स्थिति को देखते हुए जब वे बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में उनके नाक के दाहिने हिस्से पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनका नाक कटकर अलग हो गया।
घटना के दौरान उन्हें बचाने पहुंची उनकी पत्नी को भी आरोपियों ने धक्का देकर गिरा दिया और उसके गले से सोने की चेन छीन ली।
घटना के बाद घायल अर्जुन प्रसाद सिंह को वीरपुर पीएचसी ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया। इलाज में व्यस्त रहने के कारण उन्होंने कुछ देर से थाना में आवेदन दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
