गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के गभुआ बहियार में पांच दिन पूर्व दिनदहाड़े हुई बाइक लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली गई है। मामले में शामिल अन्य दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, वीरपुर थाना कांड संख्या 84/26 के तहत दर्ज बाइक लूट मामले की जांच पुलिस द्वारा गंभीरता से की जा रही थी। इसी क्रम में सोमवार की अहले सुबह मुजफ्फरा क्षेत्र से लूटी गई बाइक बरामद कर ली गई। बाइक बरामद होने के बाद पुलिस ने पूर्व से जुटाए गए साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर घटना में शामिल दो बदमाशों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जिम्मेदारी कांड के अनुसंधानकर्ता ऋषिकेश भारद्वाज को दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। इसके आधार पर भवानंदपुर निवासी मोहम्मद कलीम उद्दीन के पुत्र मोहम्मद अब्दुल रहमान तथा मोहम्मद शावीर के पुत्र मोहम्मद अंसारुल हक को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों गिरफ्तार आरोपितों ने घटना में शामिल अन्य बदमाशों के नाम भी बताए हैं। उनके निशानदेही पर शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही मामले में शामिल अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
