नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरवासा पंचायत की एक युवती ने पंचायत के वर्तमान सरपंच समेत कई लोगों के खिलाफ मारपीट, छेड़खानी और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता रानी कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 14 मई 2026 की शाम करीब छह बजे आरोपित उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और आरोपियों ने परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार, घटना के समय उसकी मां घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान शराब के नशे में पहुंचे श्यामल पासवान ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर उसने अपने अन्य सहयोगियों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर घर में घुसकर हंगामा किया तथा परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की।
आरोप है कि इस दौरान पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए गए और उसके कान से करीब 10 ग्राम सोने का आभूषण छीन लिया गया। वहीं उसकी मां की सोने की चेन भी तोड़ ली गई। मां-बेटी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। इसके बाद घायल मां और भाई को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेरियाबरियारपुर में भर्ती कराया गया।
पीड़िता ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी श्यामल पासवान वर्तमान में सकरवासा पंचायत का सरपंच है और उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही उस पर शराब कारोबार से जुड़े होने का भी आरोप लगाया गया है। युवती का कहना है कि उसकी मां लंबे समय से इलाके में शराब कारोबार का विरोध करती रही हैं, जिसके कारण परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इधर, थानाध्यक्ष ज्योति बसु ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
