नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के सदर पंचायत स्थित तान्या वेडिंग स्टोर के गोदाम में मंगलवार की शाम अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वेडिंग स्टोर पर उस समय ग्राहक और कामगार मौजूद थे। इसी दौरान दुकान के पीछे बने गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि कोई भी व्यक्ति गोदाम के पास जाने का साहस नहीं कर सका। कुछ ही देर में आग ने पूरे गोदाम को घेर लिया और चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर नावकोठी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
पीड़ित दुकानदार मो. शमशेर ने बताया कि गोदाम में शादी-विवाह समारोहों में उपयोग होने वाले विभिन्न प्रकार के सामान रखे गए थे। आग की चपेट में आने से 11 बंडल कपड़ा, रूई, घरेलू उपयोग की सामग्री समेत अन्य वेडिंग संबंधी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट अथवा किसी चिंगारी के कारण आग लगी हो सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिला मुखिया संघ के महासचिव, प्रखंड अध्यक्ष एवं स्थानीय मुखिया राष्ट्रपति कुमार विड्ड़ू मौके पर पहुंचे। उन्होंने अग्निपीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। साथ ही सरकारी स्तर पर मिलने वाली सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया।
