गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी नगर के रामपुर वार्ड संख्या 16 में बिजल ठाकुर के घर के पास बने नाले में मंगलवार को ईंट लदा एक ट्रैक्टर धंस गया, जिससे इलाके में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रैक्टर ईंट लेकर गुजर रहा था। इसी दौरान नाले के ऊपर बनी पटिया अचानक धंस गई, जिससे ट्रैक्टर असंतुलित होकर नाले में फंस गया। घटना के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने बताया कि नाले के आसपास सड़क और पटिया की स्थिति काफी जर्जर है, जिसके कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क एवं नाले का मजबूतीकरण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
