गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर*बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड के गेनहरपुर पंचायत स्थित नवीन प्राथमिक विद्यालय, खरमौली बिचला टोल में पिछले दो दिनों से ग्रामीणों द्वारा की गई तालाबंदी शनिवार को समाप्त हो गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पंकज कुमार शक्तिधर स्वयं विद्यालय पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर मामला शांत कराया।
बताया जाता है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक के विरुद्ध लगाए गए विभिन्न आरोपों को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ दिया था। मौके पर पहुंचे बीडीओ ने ग्रामीणों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित आरोपों की प्रारंभिक जांच भी की। समझाइश के बाद ग्रामीणों ने तालाबंदी समाप्त कर दी, जिसके बाद बच्चों को पुनः कक्षा-कक्ष में प्रवेश कराया गया।
बीडीओ ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और पूरे मामले की जानकारी शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। आगे की कार्रवाई विभागीय स्तर पर की जाएगी।
