गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी के रसोई गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए गुरुवार की सुबह राहत भरी खबर लेकर आई। मेसर्स बखरी भारत गैस एजेंसी के गोदाम पर करीब एक सप्ताह लंबे इंतजार के बाद गैस सिलेंडरों से भरे तीन ट्रक पहुंचे। गैस ट्रक आने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी परिसर में पहुंचने लगे और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जुट गई।
एजेंसी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगी। मेसर्स बखरी भारत गैस एजेंसी के प्रबंधक पारस सिंह राठौड़ ने बताया कि करीब एक सप्ताह बाद प्लांट से गैस की गाड़ी पहुंची है। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले गैस बुकिंग कराई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रबंधक ने बताया कि एजेंसी के गोदाम में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध है, इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है। गैस की समस्या जल्द ही पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि एजेंसी के सभी हाकर पहले से बुकिंग कराए उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र में निकल चुके हैं, जिससे लोगों को राहत मिलनी शुरू हो गई है।
एजेंसी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस प्राप्त करने के लिए बुकिंग कराना अनिवार्य है। बिना बुकिंग के गैस उठाव नहीं किया जा सकेगा।
इस बीच गुरुवार को बेगूसराय जिला प्रशासन के निर्देश पर बखरी की एमओ स्वाति कुमारी ने मेसर्स बखरी भारत गैस एजेंसी के गोदाम का स्टॉक जांच किया। जांच के दौरान गैस सिलेंडरों का स्टॉक सही पाया गया।
