गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर पूर्वी पंचायत निवासी वरिष्ठ भाकपा नेता नागेश्वर साह लहेरी के निधन की खबर से वीरपुर प्रखंड ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के भाकपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। वे 75 वर्ष के थे।
बताया जाता है कि वर्ष 1944 में जन्मे नागेश्वर साह लहेरी ने उस दौर में सामाजिक संघर्ष का रास्ता चुना, जब क्षेत्र में हर तरफ अत्याचार, शोषण और जोर-जुल्म का माहौल था। खेतीहर मजदूर, किसान तथा दबे-कुचले लोग अन्याय से परेशान थे। ऐसे समय में उन्होंने मात्र 26 वर्ष की उम्र में संघर्ष का मार्ग अपनाया और वर्ष 1975 में भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद वे आजीवन पार्टी के सक्रिय सदस्य बने रहे और हर तरह के अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाते रहे।
वीरपुर अंचल परिषद के निर्णयानुसार उनके द्वादश कर्म के अवसर पर श्रद्धांजलि सह संकल्प सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता अंचल मंत्री राम प्रवेश सिंह एवं डॉ. राम बालक ठाकुर ने संयुक्त रूप से की।
सभा को संबोधित करते हुए भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के जिला मंत्री अवधेश राय, प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह, राहुल कुमार समेत अन्य नेताओं ने नागेश्वर साह लहेरी के जीवन संघर्ष, पार्टी के प्रति समर्पण तथा समाज के कमजोर वर्गों के हक में किए गए आंदोलनों को याद किया। नेताओं ने कहा कि उनका जीवन संघर्षशील कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
इससे पूर्व कार्यक्रम में मौजूद भाकपा कार्यकर्ताओं ने जनवादी लोकगीत “ले लो मेरा सलाम शहीदो” प्रस्तुत किया तथा उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर लाल सलाम पेश किया।
मौके पर वीरपुर पूर्वी पंचायत शाखा मंत्री रामाज्ञा महतो, वीरपुर पश्चिम पंचायत शाखा मंत्री जय जय राम राय, जगदर शाखा मंत्री रंजीत यादव, भवानंदपुर शाखा मंत्री सोनी पासवान, भाकपा नेत्री रीता चौरसिया, मनोज साह, मनोज यादव, रामाश्रय पासवान, दिनेश पंडित, सुरेश चौरसिया, मोहम्मद ओहाब, मोहम्मद असलम समेत सैकड़ों भाकपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
