नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान की सफलता को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नावकोठी में गुरुवार को कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंदन कुमार मिश्रा ने की।
प्रशिक्षण के दौरान अभियान के सफल संचालन के लिए गठित टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर आठ ट्रांजिट टीम, एक मोबाइल टीम, 18 सुपरवाइजर, पांच डिपो तथा एक ड्रॉपिंग प्वाइंट का गठन किया गया।
डॉ. चंदन कुमार मिश्रा ने बताया कि 28 जून से 2 जुलाई तक चलने वाले अभियान के दौरान शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना आवश्यक है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी ने कहा कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे। प्रशिक्षण में बच्चों की पहचान, दवा पिलाने की प्रक्रिया, निगरानी व्यवस्था तथा अभियान से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। दवा पिलाने के बाद बच्चों की उंगली पर नीली स्याही का निशान लगाया जाएगा।
मौके पर स्वास्थ्य प्रबंधक, बीसीएम ऊषा कुमारी, सदानंद भारती, आनंदी पासवान, कपूरचंद कुमार, हरिनंदन महतो, कृष्णनंदन, शंभू चौधरी, रामप्रकाश महतो, ललिता, रेखा, मुद्रिका, रिचा बिहारी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।


