नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड के पहसारा पूर्वी पंचायत स्थित देवरा गांव में मां भगवती पूजा एवं नाग पंचमी मेले की तैयारियों को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पैक्स अध्यक्ष दिलीप कुमार ने की।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों एवं समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस वर्ष मां भगवती पूजा एवं नाग पंचमी मेले के अवसर पर दो दिवसीय विदेशिया नाच का आयोजन किया जाएगा। साथ ही मेले को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मेले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पुलिस प्रशासन की भी प्रतिनियुक्ति रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में पूजा समिति का भी गठन किया गया। सर्वसम्मति से उपेंद्र सदा को अध्यक्ष, शशि कुमार को सचिव तथा सुनील कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया। इनके अलावा कार्य समिति के अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया।
आयोजकों ने बताया कि मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजेंगी। वहीं, बांस-बल्ले से भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। पूजा के दौरान पारंपरिक भगत भी अपने धार्मिक करतब प्रस्तुत करेंगे, जो मेले का मुख्य आकर्षण होंगे।
बैठक में रामबली कुमार, राम बालक सदा, गुलशन कुमार, मकसूदन कुमार, संजीव सदा सहित अन्य ग्रामीण एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


