नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नावकोठी का बुधवार की रात स्थानीय मुखिया राष्ट्रपति कुमार ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों की स्थिति, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा रात्रिकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया।
जिला मुखिया संघ के महासचिव, प्रखंड अध्यक्ष सह नावकोठी के मुखिया राष्ट्रपति कुमार ने अस्पताल में भर्ती एवं मौजूद मरीजों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली। इसके साथ ही चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल से संबंधित कार्य एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। वहीं, अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने जलजमाव की समस्या भी देखने को मिली। जलजमाव के कारण मरीजों और आम लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए उन्होंने जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिया।
राष्ट्रपति कुमार ने अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि रात के समय भी मरीजों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो, इसके लिए सभी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। स्वच्छ, व्यवस्थित और जवाबदेह स्वास्थ्य व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान वार्ड सदस्य सलमान खान, सुधीर कुमार रजक, महेश महतो, राहुल कुमार शर्मा, जदयू नेता अनमोल सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


