धर्मेंद्र कुमार AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड के आईडीबीआई बैंक लक्ष्मीपुर सरौंजा शाखा ने मंगलवार को गेनहरपुर पंचायत स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बड़हारा में स्वास्थ्य उपकरण और सामग्री उपलब्ध कराई। सीएसआर फंड से बैंक की इस पहल की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की।कार्यक्रम के दौरान सीएचओ कुंदन कुमार सहित स्वास्थ्यकर्मियों ने शाखा प्रबंधकों का बुके भेंट कर व चादर-माला से स्वागत किया। आईडीबीआई बैंक बेगूसराय मुख्य शाखा प्रबंधक चंदन कुमार ने कहा कि वीरपुर प्रखंड के विद्यालयों में सीलिंग पंखे और आरओ प्लांट उपलब्ध कराने के बाद अब स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी बैंक ने कदम उठाया है।

सीएसआर फंड से बड़हारा उपकेन्द्र को अत्याधुनिक मशीनें और सामग्री दी गई हैं, जिससे ग्रामीण स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित हो सकेगी।शाखा प्रबंधक दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को ईसीजी मशीन, डिजिटल हीमोग्लोबिन मीटर, ग्लूकोमीटर मशीन, डिजिटल वेट मशीन, नेबुलाइजर, डिजिटल बीपी मशीन, ऑक्सीजन कंट्रोलर, आइवी स्टैंड, बेड फ्लोर, स्ट्रेचर व्हील, फुट स्टेप, मेडिसिन रैक सहित कुल 14 प्रकार की सामग्री प्रदान की गई।

पूर्व मुखिया सह वर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुखराम महतो ने बैंक की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि पिछड़े क्षेत्र में अब ग्रामीणों को प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। मौके पर कर्मी शशि कुमार, एएनएम शकुंतला कुमारी, आशा कार्यकर्ता मीना देवी, रूणा कुमारी, संजू कुमारी सहित स्थानीय ग्रामीण अवधेश कुमार, विनेश, नीरज, पप्पू, कमलेश,मोती ,लालू समेत कई स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।
