गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
पनवेल (मुंबई के निकट) से अलीपुर द्वार (सिक्किम के निकट) के बीच संचालित अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के सलौना स्टेशन पर ठहराव (स्टॉपेज) की मांग को लेकर रविवार को सलौना स्टेशन परिसर में सलौना रेल यात्री संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला उपाध्यक्ष अनिल वर्मा ने की। बैठक में बड़ी संख्या में राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में सलौना स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के स्टॉपेज की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि समस्तीपुर–खगड़िया रेलखंड पर स्थित सलौना स्टेशन एक महत्वपूर्ण अमृत भारत श्रेणी का स्टेशन है, इसके बावजूद यहां अमृत भारत ट्रेन का ठहराव नहीं दिया जाना बखरी अनुमंडल मुख्यालय के साथ सरासर अन्याय है। उपस्थित लोगों ने कहा कि यदि अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का स्टॉपेज सलौना स्टेशन पर दिया जाता है तो इस क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा होगी।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि जब यह ट्रेन सलौना स्टेशन होकर गुजरती है, तो रेलवे प्रशासन को यहां कम से कम दो मिनट का ठहराव अवश्य देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सलौना स्टेशन पर ट्रेन का स्टॉपेज नहीं दिया गया, तो बखरी अनुमंडल के लोग आंदोलन करने को विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।
बैठक में प्रमुख रूप से समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दिलीप केशरी बखरी नगर की प्रथम मुख्य पार्षद सह जदयू नगर अध्यक्ष कुमारी संगीता राय, विकास वर्मा, जयदेव सान्याल, संजय सलिल, रंजय केसरी, रामचंद्र सहनी, सहदेव केसरी, अधिवक्ता गौरव कुमार, महेश पोद्दार, गुड्डू केसरी, गोपाल स्वर्णकार, गोविंद केसरी, मुरारी टिबड़ीवाल, विकास सिंह, प्रताप सिंह उर्फ नेपो सिंह, घूरन पासवान, गोलू सहनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे। सलौना रेल यात्री संघर्ष समिति ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाए और सलौना स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
