नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नवयुवक सेवा दल समसा के तत्वावधान में अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य गौतम गोस्वामी की अध्यक्षता में समसा हाई स्कूल खेल मैदान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक सुनील पोद्दार ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष गौतम गोस्वामी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रत्येक वर्ष 21 जून को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर 2014 को 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था, जबकि इसकी शुरुआत वर्ष 2015 से हुई। इस प्रस्ताव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र में प्रस्तुत किया था।
वहीं न्यू सुपर मॉडल पब्लिक स्कूल, छतौना के निदेशक प्रभात कुमार ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ एवं लचीला बनता है, तनाव और चिंता में कमी आती है तथा एकाग्रता और मानसिक शांति में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि योग रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ संतुलित एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देता है।
संयोजक दीपक कानू ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में मौजूद सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि एक जुलाई से प्रतिदिन सुबह पांच बजे से छह बजे तक नियमित योगाभ्यास किया जाएगा।
इस मौके पर उपाध्यक्ष विकास कुमार, सचिव अमित पुष्पम, मीडिया प्रभारी अजित कुशवाहा, सुमन कुशवाहा, शिक्षक मोती सिंह, बिट्टू कुमार, दीपक कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।


