नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र में विद्युत ऊर्जा की चोरी रोकने को लेकर बिजली विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। इसी क्रम में कनीय विद्युत अभियंता विमल कुमार साहा, कार्यपालक सहायक प्रवीण कुमार तथा मानव बल धीरज कुमार, चंदन कुमार, रामरतन कुमार और पप्पू कुमार की टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान तीन लोगों को अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा का उपयोग करते हुए पकड़ा गया।
थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि तीनों आरोपितों के विरुद्ध नावकोठी थाना में भारतीय विद्युत अधिनियम की धारा 135 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कनीय विद्युत अभियंता विमल कुमार साहा ने बताया कि डफरपुर पंचायत के टेकनपुरा वार्ड संख्या-10 निवासी राजीव कुमार सिंह, पिता टेक नारायण सिंह, को मीटर बाइपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़ा गया। इस मामले में विभाग को ₹47,774 के राजस्व नुकसान का आकलन किया गया है।
वहीं रजाकपुर पंचायत के बेगमपुर वार्ड संख्या-1 स्थित खतरनाक चौक के पास निवासी रोहित प्रसाद सिंह, पिता स्वर्गीय देवभूषण सिंह, पर अवैध रूप से बिजली उपयोग करने के आरोप में ₹19,006 की राजस्व क्षति का मामला दर्ज किया गया है।
इसके अलावा नावकोठी पंचायत वार्ड संख्या-1 निवासी मारुति नंदन, पिता नित्यानंद प्रसाद सिंह, पर भी अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा का उपयोग करने का आरोप है। इस मामले में विभाग को ₹45,115 के राजस्व नुकसान का आकलन किया गया है।
कनीय अभियंता विमल कुमार साहा ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में बिजली चोरी के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

