गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
सशस्त्र झंडा दिवस के अवसर पर अनुमंडल प्रशासन द्वारा स्थानीय सम्राट अशोक भवन में “एक शाम शहीदों के नाम” सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव, गृह विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी राजेश वर्मा, मुख्य पार्षद गीता देवी कुशवाहा एवं उपमुख्य पार्षद ज्ञानती देवी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
पटना से आए कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायक बृजेश कुमार, अशोक कुमार एवं गायिका साधना झा ने “ऐ मेरे वतन के लोगों”, “सारे जहां से अच्छा” और “चिट्ठी आई है” जैसे गीत प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने कलाकारों एवं अतिथियों को शॉल देकर सम्मानित किया। उन्होंने सशस्त्र झंडा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से प्राप्त राशि का उपयोग शहीद जवानों के परिजनों की सहायता के लिए किया जाएगा।
मंच संचालन शशि सिन्हा एवं पवन कुमार सुमन ने किया। मौके पर नगर कार्यपालक पदाधिकारी प्रफुल्लचंद्र यादव, बीडीओ कुमार मुकेश, सीओ राकेश कुमार चौधरी समेत कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।


