नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकमुजफ्फर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूथ एंड यूको क्लब के तत्वावधान में गुरुवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सघन पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाध्यापिका इंदु कुमारी ने की। उन्होंने स्वयं एक पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की और छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में नीम, पीपल, बरगद, आम और अमरूद सहित दर्जनों फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।
पौधारोपण अभियान में यूथ एंड यूको क्लब के सदस्यों तथा छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने मिलकर गड्ढे खोदे, पौधे लगाए और उनकी सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापिका इंदु कुमारी ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें मां की तरह सहेजने की अपील की।
यूथ एंड यूको क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि विद्यालय परिसर को अधिक हराभरा बनाने के उद्देश्य से पूरे वर्ष नियमित रूप से पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा।
इस मौके पर विद्यालय के शिक्षकगण, यूथ एंड यूको क्लब के सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


