गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के तहत बुधवार को जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने बखरी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत प्रखंड परिसर में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी को सौंपे।
जनसुनवाई के दौरान डीएम ने प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने विभागों की योजनाओं की समीक्षा करने का भी निर्देश दिया। इसके बाद विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, शिक्षा विभाग सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।

जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांगता पेंशन, बिजली बिल में अनियमितता, नल-जल योजना, राशन कार्ड समेत कई मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।करीब तीन घंटे तक चली जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने स्वयं सभी शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुना और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निपटारे का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह से आम लोगों की शिकायतें सुनने और उनका समाधान करने का कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेगा।डीएम ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, “प्रशासन आपके लिए है और आपकी हर समस्या के प्रति संवेदनशील है। अपनी समस्या प्रशासन के समक्ष बेहिचक रखें, उसके समाधान के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।” उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को जनता की समस्याओं के समाधान में सक्रिय रूप से जुटने का निर्देश दिया।

जनसुनवाई के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बैरवा घाट पर पुल निर्माण, पीएचसी को सीएचसी में उन्नयन सहित अन्य विकास कार्यों की मांग रखी।इससे पूर्व जिलाधिकारी के प्रखंड पहुंचने पर एसडीएम सन्नी कुमार सौरव, बीडीओ कुमार मुकेश, मुख्य पार्षद गीता देवी कुशवाहा, प्रखंड प्रमुख शिवचंद्र पासवान, उपप्रमुख रूबी देवी कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर डीडीसी आकाश चौधरी, एडीएम ब्रजकिशोर चौधरी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी प्रफुल्ल चंद्र, सीओ राकेश कुमार चौधरी, बीपीआरओ कुमार सानू, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रामशंकर प्रसाद, बीसीओ मेराज आलम, पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पीयूष कुमार, जिला परिषद सदस्य अमित कुमार देव, मुखिया जनार्दन यादव, योगेंद्र राय, नंदकिशोर तांती, पैक्स अध्यक्ष बलराम सिंह कुशवाहा, पंकज कुमार, अनिल यादव, प्रमोद कुमार कुशवाहा, वार्ड पार्षद मधुसूदन महतो, उमेश पाठक, पंसस चंदन कुमार, पिंकी देवी, विद्यानंद ठाकुर सहित जिला एवं प्रखंड के सभी पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
