गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से एक महिला के अपने तीन बच्चों के साथ लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित पिता ने वीरपुर थाना में आवेदन देकर वीरपुर पश्चिम पंचायत के वार्ड संख्या-8 निवासी नीतीश कुमार, राम सुन्दर पासवान, सुबोध पासवान एवं अवधेश पासवान के विरुद्ध बहला-फुसलाकर अपनी पुत्री को ले जाने का आरोप लगाया है।
थाना को दिए गए आवेदन में पीड़ित पिता ने बताया कि 25 जून को उनकी पुत्री अपने तीन बच्चों को बेगूसराय स्थित एक डॉक्टर के यहां दिखाने की बात कहकर घर से निकली थी। आरोप है कि वह अपने साथ लगभग 60 हजार रुपये नकद तथा सोने के विभिन्न आभूषण भी लेकर गई थी। इसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटी है।
पीड़ित का कहना है कि काफी खोजबीन करने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि उक्त लोगों ने उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का काम किया है। इसके आधार पर उन्होंने संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में वीरपुर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि पीड़ित पिता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है तथा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


