नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी ने की।
बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने टीबी मरीजों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए कहा कि नियमित दवा के साथ पौष्टिक एवं संतुलित आहार भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने मरीजों को समय पर दवा लेने और इलाज बीच में नहीं छोड़ने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि उपचार बीच में छोड़ने वाले मरीजों पर आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि उनका इलाज निरंतर जारी रहे और वे पूरी तरह स्वस्थ हो सकें।
बैठक के दौरान निक्षय पोर्टल की उपयोगिता एवं उसके संचालन की भी विस्तार से जानकारी दी गई। निक्षय पोर्टल के माध्यम से टीबी मरीजों के पंजीकरण, उपचार और निगरानी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर निक्षय पोर्टल के ट्रेनर रवि शंकर कुमार, प्रियदर्शनी कुमारी, सीएचओ राजा कुमार, राजनंदनी कुमारी, एएनएम भारती कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।


