गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय डरहा मुसहरी एवं चैती दुर्गास्थान के मुख्य प्रवेश द्वार के बीच बिजली विभाग द्वारा 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन का पोल लगाए जाने से ग्रामीणों, अभिभावकों और शिक्षा प्रेमियों में गहरी चिंता व्याप्त है। लोगों का कहना है कि मुख्य द्वार के बीच इस तरह पोल लगाना किसी संभावित हादसे को खुला निमंत्रण देने जैसा है। उन्होंने विभाग से अविलंब पोल को हटाकर किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय का यही एकमात्र मुख्य प्रवेश द्वार है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक तथा स्थानीय लोग आवागमन करते हैं। मुख्य रास्ते के बीच पोल लगाए जाने से बच्चों के आने-जाने में परेशानी होगी और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहेगी।
लोगों ने यह भी बताया कि यदि विद्यालय परिसर में किसी आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन या अन्य जरूरी वाहनों को प्रवेश करना पड़े, तो मुख्य द्वार के बीच लगा पोल बाधा बन सकता है। इससे आपदा की स्थिति में समय पर राहत कार्य प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले को लेकर बिजली विभाग के एसडीओ एवं जूनियर इंजीनियर (जेई) से दूरभाष पर संपर्क कर पोल को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का आग्रह किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग को जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


