गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र के मक्खाचक वार्ड संख्या-17 की एक महिला ने कुछ लोगों पर अपने नाबालिग पुत्र के साथ मारपीट करने, कथित रूप से बंधक बनाने तथा पूरे परिवार को गांव छोड़ने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता ने बखरी थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, पीड़िता रशीदा खातून ने बताया कि 26 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे उनका नाबालिग पुत्र मो. दानिश मक्खाचक स्थित एक डेरा के पास था। आरोप है कि उसी दौरान मो. मोनाजिर, मो. सोहेल, मो. अरमान तथा तीन अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध के बावजूद सभी ने कथित रूप से किशोर को घसीटते हुए मक्खाचक स्थित एक बीड़ी गोदाम में ले जाकर बंद कर दिया।
आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि घटना की जानकारी मिलने पर वह रात करीब 10:40 बजे गोदाम पहुंचीं। वहां मौजूद लोगों से अपने पुत्र के बारे में पूछने पर उन्हें धमकाया गया। बाद में गोदाम का ताला खुलने पर जब वह अंदर गईं तो उन्होंने अपने पुत्र को हाथ-पैर बंधे हुए देखा।
पीड़िता का आरोप है कि पुत्र को छोड़ने के एवज में आरोपितों ने उनके परिवार को गांव छोड़ने की शर्त रखी और भविष्य में इस शर्त का उल्लंघन करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। अगले दिन जब उनके देवर मो. तेहसान घटना के संबंध में पूछताछ करने आरोपितों के पास पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने तथा सभी आरोपितों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।

