गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड कार्यालय के सभा कक्ष में मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रखंड प्रमुख अस्मिता कुमारी की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायत समिति सदस्य, मुखिया सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में पंचायत समिति सदस्य नवीन सिंह ने पर्रा में 110 बीघा राम-जानकी की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा फुलकारी में प्राथमिक विद्यालय की स्थापना से संबंधित मुद्दे को जोरदार तरीके से सदन के सामने रखा।

भवानंदपुर पंचायत के मुखिया दीपक कुमार एवं वीरपुर पूर्वी पंचायत की मुखिया पूनम देवी ने वीरपुर बाजार में जल निकासी की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने जलजमाव की समस्या से लोगों को हो रही परेशानी से सदन को अवगत कराते हुए अविलंब वैकल्पिक व्यवस्था कर समस्या के समाधान की मांग की।
नौला की पंचायत समिति सदस्य अनामिका कुमारी ने वृद्धजनों, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजना की लंबित राशि का भुगतान जल्द कराने की मांग की। वहीं, जगदर की मुखिया आशा देवी ने जगदर में नाला निर्माण एवं स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर इनके समाधान की मांग की।

मुखिया त्रिपुरारी कुमार ने गाछी टोल प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचने के लिए रास्ते की समस्या, कन्या विद्यालय में भवन निर्माण तथा वार्ड संख्या 12 में सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार से संबंधित मुद्दे सदन के समक्ष रखे। पंचायत समिति सदस्य बब्लू सहनी ने दसैन टोल प्राथमिक विद्यालय तक आने-जाने के लिए समुचित सड़क निर्माण की मांग की। वहीं, मुखिया दीपक कुमार ने भवानंदपुर पुनर्वास नवीन प्राथमिक विद्यालय के पहुंच पथ से संबंधित एजेंडा सदन में रखा।
बैठक से पूर्व पिछली पंचायत समिति की बैठकों में सदस्यों द्वारा उठाए गए सवालों एवं किए गए कार्यों की समीक्षा भी की गई। सदस्यों ने लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने की बात कही।
बैठक में उप प्रमुख सुबोध पासवान, बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर, सीओ भाई वीरेंद्र, सीडीपीओ नीतीश कुमार, पंचायत समिति सदस्य कलावती देवी, मीना देवी सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, मनरेगा समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।


