गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 के अवसर पर वीरपुर प्रखंड में विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने को लेकर समय-सारिणी जारी कर दी गई है। बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर ने आम नागरिकों, पदाधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के कर्मियों से अपने-अपने निकटतम ध्वजारोहण स्थलों पर पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने की अपील की है।
जारी समय-सारिणी के अनुसार प्रखंड सह अंचल कार्यालय में सुबह 8:30 बजे, वीरपुर थाना में 9 बजे, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 9:20 बजे, वीरपुर इंडेन ग्रामीण गैस वितरण केंद्र में 9:45 बजे, वीरपुर पूर्वी पंचायत भवन में 10 बजे, प्रखंड संसाधन केंद्र में 10:10 बजे, बाल विकास परियोजना कार्यालय में 10:30 बजे तथा उच्च विद्यालय वीरपुर में 10:45 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और राष्ट्रध्वज को सलामी दी जाएगी।
बीडीओ ने बताया कि निर्धारित सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों के अलावा दलित एवं महादलित मोहल्लों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट्रीय पर्व को उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की।


