गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
श्रीविश्वबंधु पुस्तकालय के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ। संरक्षक समिति के संयोजक प्रो. आनंद चन्द्र झा ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।शपथ लेने वालों में अध्यक्ष संतोष भारती गुड्डू, उपाध्यक्ष पवन कुमार सुमन, सचिव अमित पोद्दार, सह सचिव कोमल आर्य, कोषाध्यक्ष कुंदन केसरी, अंकेक्षक पंकज केसरी, प्रतिनिधि डॉ. आलोक आर्यन सहित कार्यसमिति सदस्य नीरज, राजीव, राहुल, अनुभव, शिवम् तथा विशेष समिति के सदस्य कुंदन केशरी, चंदन केशरी एवं पंकज सिंह शामिल थे।
शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने में पुस्तकालयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं का उद्देश्य केवल लूट-पाट नहीं था, बल्कि हमारे मंदिरों, विश्वविद्यालयों और पुस्तकालयों का विनाश भी उनके आक्रमण का हिस्सा रहा है।
उन्होंने श्रीविश्वबंधु पुस्तकालय के बेहतर प्रबंधन और रखरखाव की सराहना करते हुए कहा कि स्थापना के सात दशक बाद भी यह संस्था जीवंत बनी हुई है।
बदलते समय के साथ पुस्तकालयों को ई-लाइब्रेरी में परिवर्तित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने अपनी सांसद निधि से 10 कंप्यूटर, इनवर्टर-बैटरी एवं अन्य उपस्कर उपलब्ध कराने तथा समिति के पूरे कार्यकाल तक निःशुल्क वाई-फाई सुविधा देने की घोषणा की।इसके साथ ही उन्होंने पनवेल–अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के सलौना स्टेशन पर ठहराव की मांग पर सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक एवं बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार पासवान ने कहा कि बखरी की जनता ने उन्हें एक बेटे के रूप में सेवा करने का अवसर दिया है और वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का सदैव प्रयास करेंगे।
उन्होंने श्रीविश्वबंधु पुस्तकालय, व्यवहार न्यायालय एवं क्षेत्र के सभी विद्यालयों में विभाग की ओर से आरओ वाटर प्लांट लगाकर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही पुस्तकालय के विकास हेतु सदैव तत्पर रहने का भरोसा देते हुए कहा कि समिति द्वारा विकास मद में की गई मांगों से भी अधिक राशि उनके विधायक निधि से उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. आनंद चन्द्र झा ने की, जबकि संचालन अंकेक्षक पंकज केसरी द्वारा किया गया। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा पूर्व पार्षद सिधेश आर्य आदि उपस्थित थे
