धर्मेंद्र कुमार AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगूसराय
वीरपुर प्रखंड के भवानंदपुर पंचायत भवन में बुधवार को लंबित पड़े जन्म, मृत्यु, वंशावली सहित विभिन्न प्रमाण पत्रों के निर्गत को लेकर विशेष निष्पादन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुखिया दीपक कुमार की देखरेख में नवपदस्थापित पंचायत सचिव राम सागर यादव ने कार्यों का निष्पादन किया।ज्ञात हो कि हाल ही में पंचायत सचिव, कार्यपालक सहायक समेत पंचायत व प्रखंड स्तर के कर्मियों के तबादले के कारण कई मामले लंबित हो गए थे।

इस निष्पादन अभियान के तहत 25 जन्म प्रमाण पत्र, 7 मृत्यु प्रमाण पत्र, 2 वंशावली प्रमाण पत्र, वृद्धजन पेंशन के 4, दिव्यांग पेंशन का 1 तथा विधवा पेंशन का 1 मामला निपटाया गया। पंचायत सचिव ने बताया कि शेष बचे हुए सभी लंबित मामलों का जल्द ही निष्पादन कर लिया जाएगा। ताकि लाभुकों को ससमय सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।इस अवसर पर लेखापाल आशा कुमारी, वार्ड सदस्य अजीत कुमार, मोहम्मद मेराज, पूर्व वार्ड सदस्य मुकेश कुमार सहित कई स्थानीय लाभुक मौजूद रहे। पंचायत के लोगों ने लंबित कार्यों के शीघ्र निपटारे पर संतोष जताया और प्रशासनिक पहल की सराहना की।
