गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर गुरुवार को वीरपुर प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों की आंगनबाड़ी सेविकाओं ने 10 सूत्री मांगों को लेकर बाल विकास परियोजना कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सेविकाओं ने सरकार और विभाग की व्यवस्था के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
प्रखंड अध्यक्ष नीतू जायसवाल और जिला संयुक्त सचिव सह प्रखंड सचिव अलका कुमारी के नेतृत्व में नौला, डीह, भवानंदपुर, वीरपुर पूर्वी, वीरपुर पश्चिम, गेहरपुर, जगदर और पर्रा पंचायत की आंगनबाड़ी सेविकाएं धरना-प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान सेविकाओं ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते हुए कहा कि ‘हमको वेतनमान चालू करो, चाहे पोषाहार बंद करो।’
धरना के बाद पांच सदस्यीय टीम ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी नीतीश कुमार को अपनी मांगों से संबंधित मांग पत्र सौंपा। सेविकाओं ने मांग पत्र के माध्यम से फरवरी माह से अब तक के बकाया मानदेय का भुगतान करने, बकाया मकान किराया देने, अन्नप्राशन एवं गोदभराई की राशि का भुगतान करने की मांग की।

इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार बनाने के लिए गैस भरवाने की राशि प्रत्येक माह देने, मोबाइल रिचार्ज के लिए हर महीने राशि उपलब्ध कराने तथा विभाग की ओर से दिए गए स्मार्टफोन खराब होने की समस्या का समाधान कराने की मांग भी की गई।
सेविकाओं ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर विभाग और सरकार का ध्यान आकृष्ट कराती आ रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का उचित समाधान नहीं हो पा रहा है। इसी के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
मौके पर सेविका रेणु कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, शाहिना प्रवीण, संजू कुमारी, रुणा कुमारी, अर्चना कुमारी, रीता कुमारी, चांदनी कुमारी, बेबी कुमारी समेत सैकड़ों आंगनबाड़ी सेविकाएं मौजूद थीं।


