नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड परिसर से पश्चिम स्थित राधा देवी कन्या मध्य विद्यालय से अज्ञात चोरों द्वारा छह सीलिंग फैन चोरी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक विभाकर कुमार ने नावकोठी थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रधानाध्यापक ने दिए आवेदन में बताया है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय में ध्वजारोहण के बाद शाम में राष्ट्रीय ध्वज उतारकर कमरे में रख दिया गया था। इसके बाद सभी कमरों के दरवाजे बंद कर ताला लगा दिया गया और वे घर चले गए।
सोमवार को विद्यालय खोलने पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला खोलने के बाद कमरों की जांच की गई। इस दौरान कमरा नंबर एक और छह का ताला टूटा हुआ मिला। कमरा नंबर एक से दो सीलिंग फैन और कमरा नंबर छह से चार सीलिंग फैन गायब थे। आशंका है कि चोरों ने ताला तोड़कर कुल छह सीलिंग फैन चोरी कर लिए।
मामले की सूचना मिलने के बाद नावकोठी थानाध्यक्ष मोहम्मद फिरदौस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और चोरी गए पंखों की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।


